Saturday 26 December 2015

धर्म ध्वजा लहराई, शुरू हुआ कुंभ मेला :

धर्म ध्वजा लहराई, शुरू हुआ कुंभ मेला :
सूर्य और बृहस्पति के सिंह राशि में प्रवेश के साथ ही मंगलवार को नासिक सिंहस्थ कुंभ का आगाज हो गया। भारतीय पंचांग के अनुसार जब सूर्य और बृहस्पति एक साथ सिंह राशि में प्रवेश करते है, तब पुरोहित संघ की ओर से धर्म ध्वजा फहराई जाती है और उसके साथ ही नासिक तथा त्र्यंबकेश्वर में सिंहस्थ कुंभ की शुरुआत होती है। मेले की औपचारिक शुरुआत धर्म ध्वजा फहराने से हुई। पहले दिन कुशावर्त और रामकुंड में हजारों श्रद्धालुओं ने पवित्र गोदावरी में डुबकी लगाई। इस पताका को बनाने में करीब दो लाख रुपये खर्च हुए हैं। कुशावर्त में 31 फुट ऊंची धर्म ध्वजा फहराई गई है। कल तक एक दूसरे के आयोजन में नहीं जाने की चेतावनी देने वाले महंतों ने सामूहिक रूप से इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान आकाश से हेलीकॉप्टर के जरिए पुष्पवर्षा की गई। नासिक के रामकुंड में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और त्र्यंबकेश्वर (कुशावर्त) में केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह तथा महाराष्ट्र की महिला व बाल विकास मंत्री पंकजा मुंडे की उपस्थिति में साधु-संतों व अखाड़ों के महंतों ने मंत्रोच्चार के साथ ध्वजारोहण किया। पंच धातुओं के मिश्रण से तैयार की गई 50 किलोग्राम की धर्म ध्वजा में गुरु, सूर्य, चंद्र, गोदावरी व वाहन मगर, 10 दिशा, 12 राशि, ओम और स्वस्तिक के चिह्न बनाए गए हैं। इस बार मेले के दौरान तीन दिन, 29 अगस्त और 13 तथा 25 सितंबर को शाही स्नान होगा। इस अवसर पर नासिक में 80 लाख से एक करोड़ तथा त्र्यंबकेश्वर में 25-30 लाख श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद है।


reffered from: www.amarujala.com/

No comments:

Post a Comment