Monday 2 May 2016

15 लाख यात्री, ट्रैफिक इंतजाम ध्वस्त, आधे शहर में दिनभर जाम

उज्जैन. सिंहस्थ में पहली बार रिकार्ड तोड़ पंचक्रोशी यात्री पहुंचे। प्रशासन को उम्मीद ही नहीं थी कि 15 लाख यात्री आ जाएंगे। नतीजतन एक बार फिर ट्रैफिक मैनेजमेंट ध्वस्त हो गया। रविवार को आधे शहर में दिनभर बार-बार जाम लगते रहे। इधर जाम में फंसने से 80 से ज्यादा छात्र एआईपीएमटी के लिए समय पर परीक्षा केंद्र नहीं पहुंच पाए। उन्हें परीक्षा से वंचित कर दिया।



संडे को छुट्टी का दिन होने के कारण इंदौर, देवास, भोपाल, शाजापुर, सीहोर सहित कई शहरों के लोग दोपहिया और चौपहिया वाहनों से सिंहस्थ का मेला देखने के लिए उज्जैन पहुंचे, जिससे पूरे शहर में जाम लग रहा। सबसे अधिक यात्रियों की संख्या इंदौर रोड पर रही। यहां सुबह दो भारी वाहन फोरलेन पर खराब होने से लंबा जाम लग गया। शहर का कोई ऐसा इलाका नहीं था, जहां जाम न लगा हो। एसपी एमएस वर्मा ने बताया केवल इंदौर रोड पर थोड़ी देर के लिए जाम लगा था, अन्य स्थानों पर जाम न लगे, इसके लिए ड्यूटीरत पुलिसकर्मियों को लगातार निर्देश दिए गए।

बन सकता गोल्डन बुक ऑफ रिकॉर्ड

जिला पंचायत अध्यक्ष महेश परमार एवं सीईओ रूचिका चौहान ने पंचक्रोशी यात्रियों की संख्या का आंकड़ा गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल करने के लिए प्रशासन से पहल की। कलेक्टर कवींद्र कियावत ने बताया गोल्डन बुक के पदाधिकारियों से चर्चा की है। 5 मई को टीम उज्जैन आएगी।

पंचक्रोशी : सभी रिकॉर्ड टूटे

सिंहस्थ 2004 में -5 लाख श्रद्धालु

सिंहस्थ 1992 में - 2 लाख श्रद्धालु

शहरवासी दो दिन ध्यान रखें
कई जत्थे अंबोदिया पहुंचे हैं। दो-तीन दिन में जत्थे शिप्रा तट और पिंगलेश्वर पर पहंुचेंगे, जिससे भीड़ बढ़ेगी। गोपाल मंदिर, सतीगेट, कंठाल, मक्सी रोड, माधोपुरा, दानीगेट, बड़ा पुल सहित पुराने शहर में वाहन लेकर जाने से बचें। अन्यथा जाम में फंस सकते हैं।

No comments:

Post a Comment