Monday 16 May 2016

सिंहस्थ में 1.87 लाख लोगों को पड़ी डॉक्टर की जरूरत


सिंहस्थ में देश-विदेश से लाखों लोग आ चुके हैं। अब तक 1 लाख 87 हजार लोगों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई है। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सेवा देने के लिए बेहतर उपाय किए गए हैं। कोई भी श्रद्धालु सिंहस्थ से बीमारी लेकर घर नहीं जाएगा।



मेले के संबंध में स्वास्थ्य विभाग के अफसरों को पूर्व में ही अलर्ट रहने के निर्देश दे दिए गए थे। यही वजह है कि मेला 22 अप्रैल से शुरू हुआ मगर 17 अप्रैल से ही अस्थायी अस्पतालों को शुरू कर दिया गया।

मेला क्षेत्र 6 जोन और 22 सेक्टर में बंटा है तथा हर जोन में 20 बिस्तरीय व सेक्टर में 6 बिस्तरीय अस्थायी अस्पताल विभाग ने बनाए हैं। सेटेलाइट टाउन में भी मरीजों को इलाज मुहैया कराया जा रहा है। अस्थायी अस्पतालों के लिए डॉक्टरों की टीम नियुक्त की गई है। यहां मरीज को तुरंत उपचार उपलब्ध् कराया जाता है। अत्यधिक गंभीर होने की स्थिति में टीम उसे जिला अस्पताल रैफर करती है।

मलेरिया के 50 मरीज पॉजीटिव मिले

मेले में डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारी की रोकथाम के लिए विशेष एहतियात बरती गई है। मलेरिया के करीब 50 पॉजीटिव मरीज अब तक मिले हैं। सभी को उपचार उपलब्ध कराया जा चुका है।

डायरिया-बुखार के मरीज ज्यादा

अब तक डायरिया व बुखार के सर्वाधिक मरीज सामने आए हैं। इसके अलावा सामान्य घबराहट, एसिडिटी, दर्द आदि परेशानी लेकर भी लोग अस्थायी अस्पताल पहुंच रहे हैं।

कैंप में भी दे रहे सुविधा

अस्थायी अस्पतालों के साथ ही साधु-संतों को उनके कैंप में भी स्वास्थ्य सेवाएं विभाग उपलब्ध करा रहा है। एक फोन पर डॉक्टरों की टीम कैंप में पहुंच रही है। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए कंट्रोल रूम का नंबर 0734-4061041 है।

घाट पर भी विशेष व्यवस्था

स्नान के लिए घाट पर जाने वाले लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा मिले इसके लिए वहां 300 लोगों की टीम लगाई गई है। शाही स्नान के दिनों में टीम विशेष अलर्ट मोड में रहती है। कुछ भी होने पर लोगों को तुरंत घाट पर स्वास्थ्य सुविधा टीम उपलब्ध कराती है।

मिला स्वास्थ्य लाभ

सिंहस्थ में अब तक कुल 1 लाख 87 हजार लोग स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ ले चुके है। हमारी कोशिश है कि सिंहस्थ से कोई भी व्यक्ति बीमारी लेकर नहीं जाए।

No comments:

Post a Comment