Tuesday 3 May 2016

शोभायात्रा की एसी बग्घी में उत्तम स्वामी, चंकी पांडे-ऋषिका भट्ट चल रहे थे पैदल

उज्जैन.बांसवाड़ा के संत उत्तम स्वामी महाराज के भूखी माता न्यू ब्रिज के पास लगे पंडाल में सोमवार से श्रीराम कथा आरंभ हुई। इसके पहले शिप्रातट भूखी माता घाट से बैंड-बाजों के साथ कथा की शोभायात्रा निकाली। यात्रा में उत्तम स्वामी महाराज खुद एसी एयर कंडिशनर बग्घी में सवार होकर निकले तो फिल्म अभिनेता चंकी पांडे, ऋषिका भट्ट सहित हजारों लोग पैदल चल रहे थे। झाबुआ के एक दर्जन भील
पारंपरिक नृत्य और नासिक से आई ताशा पार्टी आकर्षण का केंद्र थे। पीछे बग्घी में हरियाणा-पंजाब के राज्यपाल कप्तानसिंह सोलंकी सहित अन्य संत-महंत विराजित होकर निकले। शोभायात्रा के समापन के पश्चात दोपहर 1.30 बजे तक पंडाल में कथा चली। इसके पश्चात भंडारा हुआ। 7 मई तक प्रतिदिन रामकथा सुबह 10 से 1 बजे तक चलेगी। भीड़ से परेशान कलाकार बग्घी में बैठे यात्रा के दौरान अभिनेता पांडे व अभिनेत्री भट्ट लोगों की भीड़ से परेशान नजर आए। एक जगह तो वे उत्तम स्वामी की एसी बग्घी के अंदर जाकर बैठ गए। फिर कुछ देर के बाद वापस बाहर निकले और यात्रा में शामिल हुए। फिल्मी कलाकार सिंहस्थ में आकर खुश शोभायात्रा में शामिल चंकी पांडे और ऋषिका भट्ट से भास्कर ने चर्चा करना चाही लेकिन उन्होंने चलते-चलते सिर्फ इतना ही कहा कि सिंहस्थ में आकर वे खुश हैं और धार्मिक नगरी में पुण्य कमाने आए हैं। इससे ज्यादा कुछ नहीं कहना।

आगे ख्यात कलाकारों की प्रस्तुति व कथा उत्तम स्वामी के पंडाल में राम कथा के बाद सिंहस्थ के दौरान कई ख्यात कलाकारों की प्रस्तुतियां होगी। वहीं कथाओं के आयोजन किए जाएंगे। जानकारी के मुताबिक भजन गायक अनूप जलोटा, पं हरिप्रसाद चौरसिया, हेमा मालिनी की प्रस्तुति होगी। वहीं बाबा साहब मौर्य की भारत मां की आरती, चारों वेदों पर  गोडबोले शास्त्री का व्याख्यान होगा। गुरुदेव के श्रीमुख से नर्मदा पुराण, भागवत कथा होगी। वहीं 24 घंटे की अखंड रामायण होगी। पंडाल में रोज सैकड़ांें भक्त उमड़ रहे हैं। अखिल भारतीय कवि सम्मेलन भी होगा। प्रतिदिन यज्ञ भी किया जा रहा है।
More on : Simhastha ujjain

No comments:

Post a Comment