Friday 29 April 2016

नरेंद्र गिरी ने कहा देश के टुकड़े किए जवाहरलाल नेहरू ने, मौजूद थे नरेंद्र गिरी

दत्त अखाड़ा जोन के मोहनपुरा में नेहरू युवा केंद्र ने सिंहस्थ शिविर लगाया है। गुरुवार को केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनवाल के मुख्य आतिथ्य में इसका शुभारंभ हुआ। इस मौके पर अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष नरेंद्र गिरी भी वक्ता के रूप में मौजूद थे।

उन्होंने अपनी बारी आने पर सिंहस्थ के बारे में बताया। युवाओं का उत्साह बढ़ाया और कहा इस देश को देशभक्त नौजवानों की जरूरत है। इसी बीच उन्होंने अपनी वाणी को नई दिशा देते हुए धाराप्रवाह बोलना शुरू किया। वे बोले इस संगठन का नाम बदल देना चाहिए। नेहरू युवा केंद्र के बदले विवेकानंद युवा केंद्र रख देना चाहिए। जवाहरलाल नेहरू ने आखिर इस देश को दिया क्या है। प्रधानमंत्री बनने के लिए उन्होंने देश के दो टुकड़े कर दिए।
कार्यक्रम में मौजूद लोग उनकी बातें सुनकर सन्न रह गए। अधिकांश लोग बीजेपी, विद्यार्थी परिषद और बीजेपी के ही अनुसांगिक संगठनों से जुड़े हुए थे।

कार्यक्रम के बाद नरेंद्र गिरी का यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मैसेज पढ़ते ही कांग्रेस नेता उबल पड़े। शहर अध्यक्ष अनंतनारायण मीणा ने कहा नरेंद्र गिरि संत हैं ही नहीं, वे भाजपा की भाषा बोलते रहे हैं।
पूर्व विधायक राजेंद्र भारती ने कहा संतों को ऐसे बयानों से बचना चाहिए। यह उनकी मर्यादा के खिलाफ है। सिंहस्थ पर ध्यान दें। वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोहर बैरागी ने कहा अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष से राजनीतिक बयान की उम्मीद नहीं की जा सकती। वरिष्ठ कांग्रेस नेता योगेश शर्मा ने कहा नरेंद्र गिरी का बयान शर्मनाक है। कांग्रेस नेता सुनील जैन ने कहा गिरी को अपना बयान वापस लेना चाहिए। वह हमें आंदोलन करने के लिए मजबूर ना करे।

No comments:

Post a Comment